Blog Manager
Universal Article/Blog/News module
राजकुमार गोयल ने कुमारी शैलजा को भेंट की गई परिचय सम्मेलन पुस्तिका
कुमारी शैलजा को भेंट की गई परिचय सम्मेलन पुस्तिका,
राजकुमार गोयल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने की सौजन्य भेंट
परिचय सम्मेलन पुस्तिका में प्रकाशित है कुमारी शैलजा का शुभ सन्देश
जींद : अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी डॉ. राजकुमार गोयल के नेतृत्व में समाज के प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सिरसा लोकसभा से सांसद कुमारी शैलजा से भेंट की। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें उत्तर भारत स्तरीय विवाह योग्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन की प्रकाशित पुस्तिका की प्रति भेंट की। इस पुस्तिका में कुमारी शैलजा का शुभ संदेश प्रकाशित है। इस मौके पर कुमारी शैलजा का पटका डालकर व भगवान गणेश की प्रतिमा देकर सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर सावर गर्ग, पवन बंसल, सोनू जैन, मयंक गर्ग, मनजीत सिंह इत्यादि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कुमारी शैलजा ने राजकुमार गोयल और उनकी पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि समाज को संगठित करने और नई पीढ़ी को एक दिशा देने के लिए ऐसा आयोजन अत्यंत प्रशंसनीय और प्रेरणादायक है। जींद में आयोजित यह सम्मेलन न केवल हरियाणा बल्कि पूरे उत्तर भारत में अग्रवाल समाज की एकता, संस्कार और सामाजिक समर्पण का प्रतीक बन गया है। उन्होंने आगे कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को जोड़ने का काम करते हैं। ये कार्यक्रम न सिर्फ विवाह योग्य युवाओं को एक मंच प्रदान करते हैं बल्कि सामाजिक एकता और सहयोग की भावना को भी सशक्त करते हैं। गोयल जैसे समाजसेवियों के प्रयासों से आज अग्रवाल समाज नई ऊँचाइयों को छू रहा है।
इस अवसर पर राजकुमार गोयल ने कुमारी शैलजा को समाज के कार्यों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक संगठन का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि “हमारा उद्देश्य समाज में भाईचारा, संस्कार और आपसी सहयोग की भावना को और अधिक मजबूत बनाना है। यह परिचय सम्मेलन समाज के लिए एक ऐतिहासिक कदम साबित हुआ है। कार्यक्रम में समाज के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे जिन्होंने कुमारी शैलजा का स्वागत किया और समाज की एकता के संकल्प को दोहराया।
